

भारतीय मजदूर संघ का 21वां अखिल भारतीय अधिवेशन पुरी में
जिला बिलासपुर से 9 प्रतिनिधि सहित छत्तीसगढ़ से 88 प्रतिनिधि शामिल होंगे
भारतीय मजदूर संघ का 21वां अखिल भारतीय अधिवेशन दिनांक 06/07और 08 फरवरी को जगन्नाथ धाम पुरी में संपन्न होने जा रहा है। उपरोक्त अधिवेशन का उद्घाटन संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष हिरण्यमय पंड्या जी करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय श्रम एवं खेल मंत्री डॉ मनसुख माढ़विया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आई एल ओ नई दिल्ली की निदेशक सुश्री मिचिको मियावोये उपस्थित रहेंगी। बदलते वैश्विक परिदृश्य में श्रमिक आंदोलनों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालने वाले अंतरराष्ट्रीय सिम्पोजियम का उद्घाटन ओड़ीसा के माननीय मुख्यमंत्री दिनांक 07 फरवरी को करेंगे।इसी दिन विशाल श्रमिक रैली और सार्वजनिक सभा भी की जाएगी। देश भर से भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध महासंघ, प्रदेश स्तरीय संगठन, जिलों में रजिस्टर्ड यूनियनों के 2500 प्रतिनिधि जो कि कोयला, बिजली,रेल, खनन क्षेत्र, बैंक,डाक तार विभाग, राज्य कर्मचारी, असंगठित क्षेत्र के ठेका श्रमिकों, आंगनबाड़ी, मध्यान्ह भोजन कर्मी, आशा वर्कर,कृषि मजदूर सहित अन्य क्षेत्रों के चुने हुए प्रतिनिधियों की उपस्थिति में भारत की विकास यात्रा में श्रमिकों की भूमिका सुनिश्चित करने और नए युग की श्रम नीतियों को आकार देने में यह अधिवेशन निश्चित रूप से मार्गदर्शक सिद्ध होगा। उपरोक्त जानकारी देते हुए भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष शंखध्वनि सिंह बनाफर ने बताया कि जिला बिलासपुर से उनके अलावा भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री श्रीमती उषा साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी गिरजा शंकर आचार्य,जिला मंत्री संजय तिवारी,स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के महामंत्री सुरेश तिवारी, भारतीय रेल मजदूर संघ के महामंत्री संतोष पटेल, राज्य कर्मचारी महासंघ के महामंत्री राजेंद्र श्रीवास्तव, खदान मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष पृथ्वी सहगल, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी गंगाराम साहू एवं रत्ना श्रीवास्तव सहित प्रदेश से 88 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।


