


जिला कार्यालय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कोरबा में खोला जिला कार्यालय, संगठन विस्तार को नई गति
प्रदेश अध्यक्ष नीलेश बिश्वास बोले—जनता के बीच पहुंच बढ़ाना ही प्राथमिक लक्ष्य
संगठन के विस्तार और जमीनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कोरबा में अपने जिला कार्यालय का शुभारंभ किया। यह पहल जिलाध्यक्ष इरशाद खान के नेतृत्व में की गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जहां संगठन को जिले में मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।प्रदेश अध्यक्ष नीलेश बिश्वास ने कहा कि जिम्मेदारी संभालने के बाद से पार्टी का लगातार विकास और विस्तार हो रहा है तथा प्रदेश में लोग एनसीपी को तेजी से पहचानने लगे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य आम जनता की आवाज बनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से काम करना है।उन्होंने कहा कि कार्यालय उद्घाटन के साथ जिले में कई जनहित योजनाओं की रूपरेखा भी तैयार की गई है। महिला सशक्तिकरण के तहत सैनिटरी पैड वितरण, मसाला उद्योग प्रशिक्षण और अन्य स्वरोजगार योजनाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि अनुशासन और संगठन की भावना मजबूत हो सके।प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सप्ताह में एक दिन समय निकालकर अपने क्षेत्र के लोगों से सीधे संपर्क करें, उनकी समस्याएं जानें और सुझाव लें। उनका कहना है कि जनता से सीधा संवाद ही संगठन को मजबूत बनाएगा और यही पार्टी की आगे की रणनीति का प्रमुख आधार रहेगा।
नीलेश बिश्वास ,, प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी



