

प्रशिक्षण
बिलासपुर नेहरू नगर में समर कैम्प, बच्चों को दिया जा रहा वूशु और मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण
शारीरिक-मानसिक विकास के साथ आत्मरक्षा की तकनीकें सीख रहे बच्चे
बिलासपुर में गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों के लिए आयोजित समर कैम्प में मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बिलासपुर मार्शल आर्ट्स और जिला वूशु संघ के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू नगर में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे और उनके अभिभावक उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं।इस प्रशिक्षण शिविर में जिला वूशु संघ के सचिव सुबोध यादव के द्वारा बच्चों को वूशु और अन्य मार्शल आर्ट्स की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा के गुरों के साथ-साथ लाठी और तलवार चलाने की तकनीक भी सिखाई जा रही है। इसके साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास, अनुशासन तथा आत्मनिर्भर बनने की कला पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।प्रशिक्षकों का कहना है कि वूशु, कुंगफू मार्शल आर्ट्स का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी शामिल किया गया है। इस खेल में राजनीति का हस्तक्षेप नहीं होने के कारण प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिलता है। वूशु के माध्यम से कई खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं और सरकारी नौकरियां भी हासिल कर चुके हैं।इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत और मानसिक रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


