बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह ने आज बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक श्री उमंग सिंघार को अपना बायोडाटा सौंपा।

रविंद्र सिंह का राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ हुआ। वे सी.एम. दुबे महाविद्यालय के छात्र संघ के निर्वाचित सचिव रहे और छात्र राजनीति को नई दिशा दी। इसके बाद वे गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के एनएसयूआई अध्यक्ष और बिलासपुर जिला (ग्रामीण) एनएसयूआई अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान करते रहे।

युवा कांग्रेस से आगे बढ़ते हुए उन्होंने नगर निगम बिलासपुर में तीन बार पार्षद और नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वे जनता से जुड़े मुद्दों पर सदैव सक्रिय रहे हैं और कई बार सड़क पर उतरकर संघर्ष किया है।

संगठनात्मक क्षमता और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सचिव और तत्पश्चात छत्तीसगढ़ योग आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया। लगभग तीन दशकों से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे रविंद्र सिंह ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपती है, तो वे संगठन में नई ऊर्जा, एकता और जनसंपर्क को प्राथमिकता देंगे।

उनकी दावेदारी को बिलासपुर के कई वरिष्ठ कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविंद्र सिंह का अनुभव और जनाधार उन्हें इस पद के लिए एक सशक्त दावेदार बनाता है।
