बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में 17 फरवरी को हुई बड़ी सराफा लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने पर सराफा एसोसिएशन ने बिलासपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि अंतरराज्यीय गिरोह को इतनी तेजी से गिरफ्तार करना पुलिस की सतर्कता और कुशल कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
“24 घंटे में गिरोह गिरफ्तार — पुलिस को सलाम”
कमल सोनी ने कहा कि बिलासपुर पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे राज्य से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़कर एक बड़ा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न केवल प्रशंसनीय है बल्कि पुलिस व्यवस्था पर जनता का भरोसा भी और मजबूत हुआ है।
वरिष्ठ अधिकारियों को दिया धन्यवाद
सोनी ने पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग सहित पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह अवकाश पर होने के बावजूद लगातार मामले की मॉनिटरिंग करते रहे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी और पूरी पुलिस टीम तथा अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय भी सराहनीय रहा।
“इतिहास बन गई पुलिस की कार्यप्रणाली”
उन्होंने कहा कि इतनी कम समय में लूट का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी बिलासपुर पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और इसके लिए जितना धन्यवाद दिया जाए, कम है।

पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है एसोसिएशन
सराफा एसोसिएशन ने घटना में घायल व्यापारी संतोष तिवारी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
एसोसिएशन ने कहा कि पूरे सराफा समुदाय की ओर से बिलासपुर पुलिस को इस साहसिक कार्रवाई के लिए सलाम है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *