रिपोर्ट…राकेश मिश्रा…. बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी का गंभीर मामला सामने आया है। शांति विहार, लाइन नंबर 9 निवासी मनीष मिश्रा ने विनोद गैस एजेंसी (भारत गैस) पर उपभोक्ता के नाम पर गलत तरीके से डिलीवरी दर्ज कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उनका घरेलू गैस कनेक्शन भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड में पंजीकृत है। उन्होंने 12 मार्च 2026 को सिलेंडर बुक किया था, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। जबकि कंपनी के मोबाइल एप में 18 मार्च को डिलीवरी दिखाते हुए ₹1002 का भुगतान भी दर्ज है, जो उन्होंने नहीं किया।


मनीष मिश्रा का कहना है कि उनके उपभोक्ता कार्ड में केवल तीन वैध डिलीवरी दर्ज हैं, जबकि एप में करीब 10 बार डिलीवरी दर्शाई जा रही है। इससे फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।


इस मामले में उन्होंने थाना तारबाहर, जिला खाद्य अधिकारी और कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय में शिकायत दर्ज कर जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य उपभोक्ता भी इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।


