
खाद आने के बाद भी परमिशन के नाम पर अटके वितरण से परेशान किसान, लल्लू सिंह की पहल से मिली राहत
केशला सोसाइटी में किसानों की समस्या का हुआ त्वरित समाधान, नोडल अधिकारी से चर्चा कर सैकड़ों किसानों को दिलाई खाद
रायगढ़। पिछले एक सप्ताह से NH-49 स्थित केशला सोसाइटी में खाद को लेकर स्थानीय किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों के अनुसार सोसाइटी में खाद उपलब्ध होने के बावजूद उच्च अधिकारियों से खाद वितरण की अनुमति नहीं मिल पाने की बात कहकर खाद का वितरण प्रभावित था। इसके चलते दूर-दराज से पहुंचे किसान लगातार परेशान हो रहे थे और उनमें नाराजगी भी बढ़ रही थी।
किसानों की इस समस्या की जानकारी जैसे ही किसान साथी लल्लू सिंह जी को मिली, वे तत्काल किसानों के बीच पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ में नोडल अधिकारी श्री सिंह से मुलाकात की तथा खाद वितरण में आ रही अड़चन को दूर करने और किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की।
लल्लू सिंह जी की पहल के बाद समस्या का बेहतर निराकरण करते हुए लगभग सैकड़ों किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराई गई, जिससे लंबे समय से खाद के लिए परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली।
किसानों ने लल्लू सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब खाद सोसाइटी में पहुंचने के बावजूद वितरण की अनुमति के नाम पर किसानों को परेशान होना पड़ रहा था, तब लल्लू सिंह ने किसानों के बीच पहुंचकर उनकी आवाज अधिकारियों तक पहुंचाई और समाधान के लिए तत्काल प्रयास किया।
लल्लू सिंह जी ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। खाद जैसी आवश्यक कृषि सामग्री के लिए उसे अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए। किसानों की समस्या चाहे छोटी हो या बड़ी, उसका समय पर समाधान होना जरूरी है।

