बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सराफा कारोबारी संतोष तिवारी को बीच सड़क पर रोककर पहले बेरहमी से मारपीट की, फिर हथौड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनकी कार लूटकर फरार हो गए। घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट आई है और करीब 50 टांके लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक तिवारी रोज की तरह अपनी महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप बंद कर घर लौट रहे थे। घर से लगभग 500 मीटर पहले बदमाशों ने एक कार अड़ाकर उन्हें रोक लिया, जबकि पीछे से बाइक सवार दो आरोपी भी पहुंच गए। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर कार से नीचे उतारा और गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन मैग्जीन फंसने के कारण फायर नहीं हो सका। इसके बाद हथौड़े से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और उनकी लाल रंग की रीनॉल्ट कार लेकर फरार हो गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार लूटी गई कार में करीब 2 किलो 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड तथा लगभग 3.5 लाख रुपये नकद थे। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक कार बरामद की है, जिन्हें आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी हथियार के साथ दिखाई दिया है। पुलिस ने शहर में हाई अलर्ट जारी कर सभी एग्जिट पॉइंट पर नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है

रिपोर्ट…….राकेश मिश्रा
समाचार के लिए संपर्क करें….9827171483
