
प्रदेश भाजपा द्वारा समस्त जिलों में विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में जिला एवं मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के पश्चात शुक्रवार को जिला किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई।
घोषणा के तहत देवरी खुर्द मंडल से मुकेश धुरी को किसान मोर्चा का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मनोज सिंह ठाकुर को मंडल महामंत्री तथा राजकुमार को भी मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त जयरामनगर मंडल से भागवत यादव और मस्तूरी मंडल से बसंत शुक्ला को किसान मोर्चा का मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।

किसान मोर्चा के इन नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने और किसानों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मंडल स्तर पर संगठन के विस्तार से किसानों के बीच भाजपा की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
नवीन दायित्व मिलने के बाद सभी पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे किसानों के हित में कार्य करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सक्रिय पहल करेंगे। आने वाले समय में किसान मोर्चा द्वारा जिलेभर में किसान संवाद, बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
