बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध उत्खनन माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी मोपका क्षेत्र से सामने आई है। नगर निगम वार्ड क्रमांक 47, पं. रामगोपाल तिवारी नगर स्थित सरकारी बावा तालाब में अवैध खुदाई रोकने पहुंचे वार्ड पार्षद को दबंगों ने न सिर्फ गाली-गलौच की, बल्कि जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
वार्ड पार्षद मोहन श्रीवास ने बताया कि 23 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे सित्तेश दर्वे और उसके साथियों द्वारा तालाब में हाइवा और जेसीबी मशीन से अवैध खुदाई की जा रही थी। खुदाई में प्रयुक्त वाहन का नंबर CG10 AU 1217 बताया गया है।

जब पार्षद ने मौके पर पहुंचकर अवैध खुदाई रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और खुलेआम धमकी दी। घटना के बाद पार्षद मोहन श्रीवास ने पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला न केवल जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी उजागर करता है कि सरकारी संपत्तियों की खुलेआम लूट हो रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध खुदाई माफियाओं के खिलाफ कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करता है।

मोहन श्रीवास, वार्ड 47 पार्षद ने कहा कि…
“सरकारी तालाब में रात के अंधेरे में जेसीबी और हाइवा से खुदाई की जा रही थी। जब मैंने रोकने की कोशिश की तो मुझे गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। मैंने एसपी साहब को लिखित शिकायत दी है और दोषियों पर FIR की मांग की है।”
