
प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अब जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। सभी मोर्चा के जिला अध्यक्षों की घोषणा के उपरांत अब मोर्चा के पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। इसी क्रम में जिला भाजपा ग्रामीण के जिला अध्यक्ष रोहित जायसवाल द्वारा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों एवं विभिन्न मंडलों में मंडल अध्यक्ष और महामंत्रियों की सूची जारी की गई है।
घोषणा के साथ ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रदीप कौशिक ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

जारी सूची के अनुसार पिछड़ा वर्ग मोर्चा में मस्तूरी से यदुराम साहू और बेलतरा से राज कैवर्त्य को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल 55 सदस्यों को मोर्चा में विभिन्न दायित्व दिए गए हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 42 की पार्षद एवं सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्मी यादव को जिला पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लक्ष्मी यादव लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और देवरी खुर्द क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव और समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। अब उन्हें मस्तूरी विधानसभा के साथ-साथ दो अन्य विधानसभाओं में भी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।
