बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों के कामकाज में भी दिखाई देने लगा है। बिलासपुर जिले की बेलतरा विधानसभा से विधायक सुशांत शुक्ला ने अनोखी पहल करते हुए नगरीय क्षेत्रों के दौरे के लिए चार पहिया वाहन छोड़कर बुलेट मोटरसाइकिल का उपयोग शुरू किया है। उनकी इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

विधायक सुशांत शुक्ला अब शहर और आसपास के क्षेत्रों में बुलेट से भ्रमण कर रहे हैं। उनका कहना है कि दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में जाने के लिए जहां चार पहिया वाहन की जरूरत पड़ती है, वहीं नगरीय और समीपवर्ती क्षेत्रों में बाइक से यात्रा कर ईंधन की बचत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में पेट्रोल और डीजल जैसे संसाधनों का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी आगे आना चाहिए।
विधायक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग कम करें और जहां संभव हो वहां सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उनका मानना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर ईंधन की बड़ी बचत की जा सकती है, जिसका सीधा लाभ देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों को मिलेगा।

बिलासपुर जिले में फिलहाल यह पहल केवल बेलतरा विधायक द्वारा शुरू की गई है। अन्य जनप्रतिनिधि अभी भी नियमित रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में विधायक सुशांत शुक्ला की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने इसे सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह की पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed