खुशी एक स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती है – बीके स्वाति दीदी
18 फरवरी 2025, बिलासपुर। खुश रहने से हम स्वस्थ रहते हैं। अब तो मेडिकल साइंस ने भी यह साबित कर दिया है कि खुश रहना ही स्वस्थ शरीर की कुंजी है। हर एक विचार जो हमारे मन में उत्पन्न होता है उसका हमारे शरीर की कोशिकाओं पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। गलत सोच शरीर में बीमारी लाती है। इसलिए अपने शरीर को ठीक रखने के लिए हमें अपनी विचारों को सकारात्मक रखना आवश्यक है।
उक्त वक्तव्य प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बिलासपुर की मुख्य शाखा पुराना बस स्टैंड रोड स्थित राजयोग भवन की संचालिका बीके स्वाति दीदी ने महिंद्रा ऑटोमोबाइल शोरूम में आयोजित “खुशहाल जीवन” कार्यक्रम में कही। दीदी ने जीवन में खुश रहने के लिए बताया कि कभी भी अतीत के दुखों को पकड़कर न रखें। हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता अर्थात बीमारियों से लड़ने की शक्ति हमारे भावों और विचारों के अनुसार बदलती है। जैसे खुशी, संतोष, उत्साह शरीर को सकारात्मक संकेत देते हैं। इससे शरीर की ताकत बढ़ती है। जबकि नकारात्मक भाव, जैसे गुस्सा, डर, आलोचना या चिंता शरीर को कमजोर करते हैं और बीमारियों का कारण बनते हैं। जब हम खुश होते हैं, तो हम दर्द और तकलीफ को बेहतर तरीके से सह सकते हैं। और जब दुखी होते हैं, तब शरीर और कमजोर हो जाता है। खुशी एक स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती है। हमें सक्रिय रहना चाहिए, सही खानपान लेना चाहिए, आराम करना चाहिए और अच्छे सामाजिक संबंध रखने चाहिए। अगर हम खुश नहीं हैं, इसका मतलब हम इन सब बातों को अनदेखा कर रहे हैं। हमारे मन का शरीर पर लगातार प्रभाव पड़ता है। गलत और नकारात्मक सोच बीमारियां पैदा कर सकती है और सही और सकारात्मक सोच इलाज में मदद करती है। मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है… मुझे हाई ब्लड प्रेशर है… मेरे परिवार में सभी को डायबिटीज है… ऐसे विचार बीमारियों की ऊर्जा बढ़ाते हैं। किसी बीमारी के बारे में बार-बार सोचने से यह शरीर पर और तेजी से असर डालती है।
ब्रह्माकुमारी सिरगिट्टी सेवाकेंद्र संचालिका बीके कांता दीदी ने शिवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि आज कोई भी त्यौहार या किसी का जन्म रात में भी होता है तो हम उसे जन्मदिन कहते हैं परंतु एक शिवरात्रि का ही त्यौहार है जिसके साथ रात्रि शब्द जोड़ता है। रात्रि अर्थात यह कलयुग रूपी रात्रि में परमपिता परमात्मा शिव आकर मनुष्य आत्माओं को शक्ति प्रदान करते हैं। जब भी कोई मुश्किल आए परमपिता परमात्मा को याद करने पर उनकी मदद अवश्य मिलती है। बीके संतोषी दीदी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। बीके विनोद भाई जी ने कुशल मंच संचालन किया।
कार्यक्रम में महिंद्रा ऑटोमोबाइल के राहुल घोष जनरल मैनेजर ऑटो सेंटर, बहन सुरेखा एचओडी, भ्राता अरुण जी एसएम कमर्शियल वर्कशॉप, भ्राता सूरथ जी एसएम पर्सनल वर्कशॉप, भ्राता अशोक ठाकुर जी एसएम स्पेयर पार्ट्स, बीके अजय भाई आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का 150 से अधिक कर्मचारियों ने लाभ लिया। कार्यक्रम की सफलता में बीके अविनाश भाई का विशेष सहयोग रहा।
ईश्वरीय सेवा में,
बीके स्वाति
राजयोग भवन, बिलासपुर

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *