बिलासपुर-भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना अंतर्गत सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर जिले में सीएसआईडीसी रायपुर के तत्वावधान में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एनआईएमएसएमई (NIMSME) हैदराबाद द्वारा टूरिज्म सेक्टर के अंतर्गत होटल रीति रिवाज, सीपत चौक, बिलासपुर में आयोजित किया गया।इस दौरान इको टूरिज्म क्षेत्र से संबंधित द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को इको टूरिज्म की मूल अवधारणा, स्थानीय पर्यटन संसाधनों का सतत एवं जिम्मेदार उपयोग, होम-स्टे संचालन, टूर पैकेज डिज़ाइन, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इको टूरिज्म स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले की आर्थिक एवं पर्यावरणीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।समारोह में सप्तसूरम ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती तनुश्री सोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने इको टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु सामुदायिक सहभागिता और महिला उद्यमिता की भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा आयोजकों द्वारा प्रशिक्षण की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
