ü

*“दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों पर मिलेगी ऑनलाइन भुगतान हेतु क्यूआर कोड की सुविधा”*

*“क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान सुविधा हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में उपलब्ध कराये गए 500 क्यूआर कोड डिवाइस”*

*“रेल यात्रियों को आसान डिजिटल भुगतान की सुविधा के साथ साथ चिल्हर की समस्या का भी समाधान”*

बिलासपुर : 03 अगस्त’ 2024

रेल यात्रियों को आसानी से यात्रा टिकट उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है । इस दिशा में रेलवे द्वारा डिजिटल तकनीकों के समावेश के साथ नित नये-नये उपाय किए जा रहे है, जिनमें आरक्षित टिकटों की बूकिंग के लिए मोबाइल टिकटिंग प्रणाली एवं अनारक्षित टिकटों की खरीदी के लिए यूटीएस ऑन मोबाइल एप को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है । रेल यात्रियों को आसानी से यात्रा टिकट उपलब्ध कराने के लिए दी जा रही इन सुविधाओं की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों में क्यूआर कोड डिवाइस के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल भुगतान सुविधा की पहल की गई है ।

इसके तहत आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों से यात्रा टिकट खरीदने वाले यात्रियों को कम समय में आसानी से यात्रा टिकट उपलब्ध कराने एवं चिल्हर की समस्या से निजात दिलाने तथा डिजिटल भुगतान की सुविधा को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 500 क्यूआर कोड डिवाइस उपलब्ध कराये गए है । इस प्रकार ये क्यूआर कोड डिवाइस बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत 205 टिकट काउंटरों, रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत 95 टिकट काउंटरों तथा नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत 200 टिकट काउंटरों में लगाए जाएंगे

। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इन सभी आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों में सितंबर’ 2024 तक ये सभी क्यूआर कोड डिवाइस लगा दिये जाएंगे और यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा । हालांकि वर्तमान में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुछ स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों में क्यूआर कोड की सुविधा डीडीआईएस (Dual Display Information System) में दिया गया है ।

क्यूआर कोड, यूपीआई, एटीवीएम व यूटीएस ऑन मोबाइल एप जैसी सभी सुविधाएं रेल यात्रियों को बिना लंबी लाइन लगे त्वरित यात्रा टिकट दिलाने के साथ ही साथ आसान डिजिटल भुगतान सुविधा सहित चेंज/ खुल्ले पैसे आदि की दिक्कतों से भी राहत दिलाने के लिए शुरू की गई है । सभी यात्रियों से आग्रह है कि इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठायें और अपनी यात्रा को सुगम व आसान बनायें ।

*******

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed