
बिलासपुर। जैन इंटरनेशनल स्कूल ने 4 अप्रैल 2026 को अपना 22वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन और ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने शानदार अनुशासन के साथ ध्वज को सलामी देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया, जिसने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद स्कूल गीत एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की अब तक की उपलब्धियों और गौरवशाली यात्रा को भी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया।

इस अवसर का सबसे विशेष आकर्षण स्मारक भारतीय डाक टिकट का विमोचन रहा। एक निजी विद्यालय के लिए यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे बिलासपुर शहर के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

उप प्राचार्य श्रीमती जयंती बनर्जी ने स्वागत भाषण में विद्यालय के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। वहीं मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता अग्रवाल ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा की सराहना करते हुए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। प्रबंधक ट्रस्टी श्री अशोक अग्रवाल ने भी विद्यालय की प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, केक काटने और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

