बिलासपुर….छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले में 02 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक विशेष सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले भर में “रजत जयंती चावल उत्सव” एवं “उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले की प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य दुकान में दुकान संचालक एवं हितग्राहियों की उपस्थिति में चावल उत्सव आयोजित किया जा रहा है। साथ ही माह जनवरी 2026 का खाद्यान्न पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से वितरित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान शेष राशनकार्डधारियों एवं हितग्राहियों का ई-केवायसी पूर्ण कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को खाद्यान्न वितरण से वंचित न होना पड़े।
खाद्य विभाग द्वारा सभी उचित मूल्य दुकानों में सूचना बोर्ड, स्टॉक पंजी, वितरण पंजी एवं चावल उत्सव पंजी को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उचित मूल्य दुकानों पर बैनर भी लगाए गए हैं।

खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ लें और समय पर ई-केवायसी पूर्ण कराएं।
