बिलासपुर में आंध्र विप्र समाज महिला मंडल द्वारा सावन उत्सव का आयोजन शहर के एक निजी भवन में हर्षोल्लास के साथ किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाएं सावन के रंगों में सराबोर होकर गीत-संगीत, नृत्य और पारंपरिक पकवानों का आनंद लेती नजर आईं।

सावन, प्रेम और उल्लास का प्रतीक महीना माना जाता है, जिसे सभी ने मिलकर बड़े उत्साह से मनाया। कार्यक्रम में हरियाली और उमंग का माहौल छाया रहा। सावन स्पेशल ड्रेस और श्रृंगार प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक गीत और नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। साथ ही कई खेल एवं रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। सावन सुंदरी प्रतियोगिता में बी. पद्मजा, बी. वानजा, के. भार्गवी, ए. गीता और रजनी को विजेता घोषित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एस. मंजुला, ए. मीनाक्षी, एम. पदमा और एम. गीता का विशेष योगदान रहा। उत्सव ने न केवल पारंपरिक संस्कृति को संजोने का संदेश दिया, बल्कि आपसी भाईचारा और महिला सशक्तिकरण की भावना को भी प्रोत्साहित किया। यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार और आनंददायक बन गया।
