

बीएमएस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
भारतीय मजदूर संघ के स्थापना के सत्तर वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 10 अप्रेल को राज्य कर्मचारी संघ कार्यालय में जिला बिलासपुर भारतीय मजदूर संघ द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं श्री एस एन तिवारी जी, श्री योगेशचन्द्र शर्मा जी, श्री पी एस एस आर शर्मा एवं श्री लक्ष्मीनारायण दूबे जी को सम्मानित करने के लिए क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री सुनील किरवई जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नेताओं का शाल श्रीफल और पुष्प भेंट किया और इसके उपरांत क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने जिले के चारों वरिष्ठ और वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं को उनके कार्यकाल में किऐ गए कार्यों को उल्लेखित किऐ गए स्मृति चिन्ह् और भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी का छाया चित्र भेंट किया।उपरोक्त मजदूर नेताओं के भारतीय मजदूर संघ के लिए किऐ गए योगदान का विस्तार पूर्वक उल्लेख करते हुए श्री किरवई जी ने बताया कि विषम परिस्थितियों में संगठन के प्रारंभिक दिनों में इन नेताओं ने पूरी निष्ठा के साथ बिना किसी लालच के अपने कड़ी मेहनत से मजदूर संघ को प्रदेश में स्थापित किया है और ऐसे ही कार्यकर्ताओं के बदौलत भारतीय मजदूर संघ देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा मजदूर संगठन बन पाया है। सम्मान समारोह में उपस्थित रहे श्री एस एन तिवारी जी और श्री योगेशचन्द्र शर्मा जी ने अपने अनुभव कार्यकर्ताओं के साथ साझा करते हुए कहा कि हमने जो कार्य किया वो किसी सम्मान की आशा या पद प्रतिष्ठा पाने के लिए नहीं वरन राष्ट्र ऋषि श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के विचारों से प्रभावित होकर एक राष्ट्रवादी मजदूर संघ के निर्माण के लिए किया है। रेलवे क्षेत्र में संगठन कार्य को स्थापित करने वाले श्री पी एस एस आर शर्मा जी उम्र 90 वर्ष अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके तो क्षेत्रीय संगठन मंत्री और जिला के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनके घर जाकर उन्हें सम्मानित किया। इसी प्रकार से श्री लक्ष्मीनारायण दूबे जी शहर से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री चेतनानंद दूबे और संचालन जिला मंत्री संजय तिवारी ने किया। उपरोक्त जानकारी देते हुए भारतीय मजदूर संघ (छ.ग.) के उपाध्यक्ष एवं बिलासपुर विभाग प्रमुख शंखध्वनि सिंह बनाफर ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश मंत्री श्रीमती उषा साहू, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेश तिवारी, भारतीय रेल मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री संतोष पटेल, पूर्व जिला मंत्री श्री पृथ्वी सहगल, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष नंदकुमार कुशवाहा, राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री रमेश द्विवेदी, नोवा स्पंज आइरन कर्मचारी संघ के ब्रिन्दा यादव, रेलवे क्षेत्र के श्री निमई बनर्जी, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के जय प्रकाश दूबे, बिजली कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री संतोष शर्मा, श्री मनीष क्षत्री सहित जिला एवं अनुशंगी संगठनों के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

