
सीपत बाजार चौक में घटित मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद आम जनता में भय का माहौल बन गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम विकास वर्मा, आशीष साहू उर्फ चिंटू, निकेश वर्मा, प्रकाश वर्मा, रोशन खरे, और यश खरे हैं। अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। सभी आरोपियों को गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिनमें 14 साल तक की सजा का प्रावधान है। मामला इस प्रकार है कि विनोद कुमार सूरज, निवासी बाजार पारा सीपत, ने 13 जनवरी 2025 की रात को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनके अनुसार, रात 10 बजे के करीब जब वह खाना खाकर घर में सो रहे थे, तभी मोहल्ले के कुछ लड़के पुराने विवाद को लेकर उनके घर के पास आकर गाली-गलौच करने लगे। आरोपियों ने लाठी, डंडा, ईंट और पत्थरों से लैस होकर उनके घर में जबरदस्ती घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए ईंट और पत्थर फेंके, जिससे विनोद कुमार को कोहनी के पास चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने विनोद कुमार की स्कूटी (क्रमांक सीजी 10 बीजी 8872), मोटर पंप और बिजली मीटर को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और उनके दिशा-निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। सीपत पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम करने में मदद मिली है।
