बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने फावड़े से हमला कर अपने ही बुजुर्ग पिता की निर्मम हत्या कर दी। घटना मन्नाडोल इलाके की है, जहां सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक खून से सना फावड़ा लेकर घूम रहा है और लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। घर के भीतर उसके पिता का शव पड़ा था, जिनका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। मृतक की पहचान 70 वर्षीय मनराखन ध्रुव के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके बेटे 40 वर्षीय नीतू ध्रुव पर है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अक्सर अपने पिता से पैसे मांगता था। आशंका है कि पैसे नहीं मिलने पर उसने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
