*राकेश मिश्रा की रिपोर्ट*

बिलासपुर…..हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय जीवन, पराक्रम और आदर्शों पर आधारित विश्व-प्रसिद्ध ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन इस विराट मंचन ने दर्शकों को राष्ट्रभावना, स्वराज और न्याय के संदेश से जोड़ते हुए भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से हजारों लोग इस ऐतिहासिक प्रस्तुति के साक्षी बने। शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद माँ भवानी की आरती कर विधिवत मंचन प्रारंभ किया गया।

करीब तीन घंटे तक चले इस महानाट्य में भव्य मंच सज्जा, सजीव युद्ध दृश्य, प्रभावशाली प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन और दमदार संवाद अदायगी ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। लोकगीतों और भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया। स्वराज, साहस, जनकल्याण और आदर्श शासन की अवधारणा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया,

जिस पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया।
आयोजकों के अनुसार यह ऐतिहासिक प्रस्तुति 14 और 15 फरवरी की शाम भी आयोजित की जाएगी। नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने और शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की गई है।

बिलासपुर में पहली बार आयोजित इस विराट नाट्य प्रस्तुति ने न केवल सांस्कृतिक चेतना को सशक्त किया है, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी प्रयास भी किया है।

*समाचार के लिए संपर्क करें….9827171483*

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *