बिलासपुर। धर्म नगरी रतनपुर स्थित श्री सिद्ध तंत्र पीठ भैरव बाबा मंदिर परिसर में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ 25 ब्राह्मण बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बच्चों ने विधिवत यज्ञोपवीत धारण कर ब्रह्मचर्य आश्रम में प्रवेश किया तथा वैदिक परंपराओं के पालन का संकल्प लिया।

मंदिर के महंत पंडित जागेश्वर अवस्थी ने बताया कि उपनयन संस्कार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में आध्यात्मिक, सामाजिक और नैतिक शिक्षा का महत्वपूर्ण प्रारंभ होता है। इस संस्कार के माध्यम से बालक गुरु-शिष्य परंपरा, ब्रह्मचर्य और वैदिक ज्ञान से जुड़ते हैं तथा धैर्य, अनुशासन और आत्मसंयम जैसे गुणों का विकास करते हैं। साथ ही समाज और धर्म के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी जागृत होता है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में शुक्रवार को मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया गया। उपनयन संस्कार के आचार्य पंडित राजेंद्र दुबे रहे। वैदिक कर्मकांड में दिलीप दुबे, कान्हा तिवारी, महेश्वर पाण्डेय, दीपक अवस्थी, रवि शंकर और राजेंद्र तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अभिभावक और स्थानीय जन उपस्थित रहे, जिन्होंने बटुकों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्ट…….राकेश मिश्रा समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें….9827171483
