बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सागर यादव पिता संतोष यादव (उम्र 22 वर्ष) है, जो ग्राम बीरकोना, थाना कोनी का निवासी है और वर्तमान में दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2025 की रात करीब 8.20 बजे ग्राम ढेंका में सुनील घोरे के घर के पास पीड़िता सुनीता तिवारी के पुत्र विकास तिवारी से अज्ञात आरोपियों ने मारपीट कर ₹10,000 की नगदी लूट ली थी। शिकायत पर तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 193/2025 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल एक टीम गठित कर जांच शुरू की गई। गवाहों व मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी सागर यादव को बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से ₹1000 की नगदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों अनुराग सोनकर, मोहित सोनकर व अन्य के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।