


प्रशिक्षण शिविर बिलासपुर के शासकीय शहीद अविनाश शर्मा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नूतन चौक, सरकंडा में ताइक्वांडो मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण नियमित रूप से दिया जा रहा है।
बिलासपुर के हर स्कूलों में यह प्रशिक्षण प्रतिदिन शाम 4 बजे से शाम 5 बजे तक दिया जाता है, जिसमें छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शहर में बढ़ते अपराधों को देखते हुए स्कूली छात्राएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास कर रही हैं। यह प्रशिक्षण उन्हें विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने में मदद कर रहा है। आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शारीरिक क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियाँ न केवल आत्मरक्षा के कौशल को विकसित करती हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देती हैं। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को ताइक्वांडो के विभिन्न गुर सिखाए जा रहे हैं, जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा कर सकें। इस पहल की स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों ने सराहना की है। ऐसी गतिविधियाँ छात्राओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके आत्मबल को भी बढ़ाने में सहायक होती हैं।



