बिलासपुर—-आम बजट 2026 को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिले के लोकप्रिय कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने बजट को आम जनता के लिए निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की रीढ़ माने जाने वाले गांव, किसान और मजदूर वर्ग की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता।
श्री श्रीवास ने कहा कि देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी गांवों में निवास करती है, लेकिन प्रस्तुत बजट में ग्रामीण भारत के लिए कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नहीं किए गए हैं। किसानों के बजट में कटौती की गई है और उन्हें राहत देने से जुड़े कोई विशेष उपाय नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने की बात कही गई थी, लेकिन इस वर्ष भी उसकी सीमा ₹3 लाख ही रखी गई है, जिससे किसानों को कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिला है। वहीं, करदाताओं (टैक्सपेयर्स) के लिए भी बजट में किसी प्रकार की विशेष राहत का प्रावधान नहीं किया गया है। त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने शिक्षा बजट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र के कुल बजट में कटौती की गई है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में जितना बजट केवल उच्च शिक्षा के लिए होता था, उतनी राशि अब पूरे शिक्षा क्षेत्र के लिए रखी गई है, जो चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि इस बजट से आम वर्ग को किसी भी प्रकार की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कुल मिलाकर यह बजट गांव, गरीब, मजदूर और किसानों के लिए निराशाजनक साबित हुआ है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed