
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कोकराझार (अनुसूचित जनजाति) लोकसभा क्षेत्र का प्रवासी प्रभारी नामित किए जाने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू कल बोडोलैंड की राजनीतिक राजधानी में अपनी पहली सांगठनिक यात्रा पर पहुंचेंगे। यह दौरा संगठनात्मक पुनर्गठन, गठबंधन समन्वय और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कोकराझार की 10 विधानसभा सीटों पर UPPL-BJP सत्ता गठजोड़ की मजबूत उपस्थिति है। बोडो शांति समझौते के बाद क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता और विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। लोकसभा 2024 में UPPL के श्री जयंत बसुमतारी की जीत ने महागठबंधन की चुनावी ताकत को प्रमाणित किया है।
श्री साहू के दौरे में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा, संगठनात्मक पुनर्रचना, UPPL नेतृत्व के साथ रणनीतिक परामर्श और BTC जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक शामिल है। जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों, युवा वर्ग, महिला संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के साथ व्यापक संवाद होगा। बूथ सुदृढ़ीकरण, मंडल पुनर्गठन और 2026 विधानसभा चुनाव की प्रारंभिक तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पार्टी नेतृत्व ने अनुभवी संगठनकर्ता और गठबंधन प्रबंधन में दक्ष नेता की तैनाती कर राजनीतिक दूरदर्शिता का परिचय दिया है। यह नियुक्ति पूर्वोत्तर में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और क्षेत्रीय सहयोगी दलों के साथ दीर्घकालिक समन्वय की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। सत्ताधारी गठजोड़ को संस्थागत मजबूती प्रदान करना इस दौरे का मुख्य उद्देश्य है।
