सर्व समाज की एकता ही देश की शक्ति – सामाजिक कार्यकर्ता श्याम गुप्ता का सद्भावना संदेश

सर्वसमाज बड़ा है किसी से किसी की तुलना नहीं की जा सकती…. श्याम गुप्ता

रायगढ़। सामाजिक संगठनात्मक कार्यों और राष्ट्रीय समरसता के लिए सदैव सक्रिय रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता रेंशी श्याम गुप्ता संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन ने हाल ही में समाज को एक सशक्त सद्भावना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “सर्व समाज बड़ा है, किसी की किसी से तुलना नहीं की जा सकती। हमें ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करना चाहिए जो समाज में विभाजन और वैमनस्य फैलाता हो।” उनका यह संदेश तेजी से जनभावनाओं को प्रेरित कर रहा है।

श्याम गुप्ता ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और धार्मिक आस्थाएं होने के बावजूद हम सब एक हैं। यही विविधता हमारी ताकत है, विभाजन नहीं। उन्होंने कहा कि “आज कुछ स्वार्थी और असामाजिक तत्व समाज को जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जो राष्ट्रहित के लिए अत्यंत खतरनाक है। हमें ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहना होगा और समाज में आपसी प्रेम, सम्मान और संवाद को बढ़ाना होगा।”

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देशहित की प्रथम शर्त सामाजिक एकता है। यदि समाज आपस में बंटा होगा तो विकास की राह कठिन हो जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे नफरत की राजनीति और भड़काऊ विचारधाराओं से दूर रहें। उन्होंने कहा कि “हम सब एक ही मिट्टी के बने हैं, हमारी तकलीफें समान हैं, हमारे सपने समान हैं और हमारा उद्देश्य भी समान होना चाहिए — समृद्ध भारत का निर्माण।”

अंत में उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवर्तन भाषणों से नहीं बल्कि व्यवहार से आता है। यदि हर नागरिक आपसी सौहार्द, भाईचारा और सहयोग की भावना को अपनाए, तो भारत विश्व में सामाजिक एकता का महान उदाहरण बन सकता है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed