राकेश मिश्रा की रिपोर्ट

बिलासपुर….जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई में करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थानों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और वारंटियों के निवास स्थानों पर सघन जांच और दबिश दी।

126 वारंटी गिरफ्तार…..पुलिस ने कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

41 निगरानी बदमाशों की जांच…….निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा/बदमाशों की विधिवत चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

आर्म्स एक्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई…….एक मामले में धारदार हथियार के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 105 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अपील…….बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वारंटियों, फरार आरोपियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *