रिपोर्ट..राकेश मिश्रा..31.05.2026.. बिलासपुर..छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ, बिलासपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय ताइक्वांडो रेफरी सेमिनार एवं रिफ्रेशर कोर्स का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 29 से 31 मई 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के 10 जिलों से आए 55 रेफरी एवं प्रशिक्षकों ने भाग लिया। समापन अवसर पर आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी एवं कोच मास्टर सुंदरमनी पटेल ने प्रतिभागियों को विश्व ताइक्वांडो महासंघ के नवीनतम नियमों, तकनीकी पहलुओं, रेफरी संचालन प्रणाली तथा प्रतियोगिता प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। अंतिम दिवस आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में 10 प्रतिभागियों ने ‘ए’ ग्रुप, 15 ने ‘बी’ ग्रुप और 30 प्रतिभागियों ने ‘सी’ ग्रुप में स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी रहीं, जबकि जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पंकज तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कोच सुंदरमनी पटेल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण आधारित आयोजन खेलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बिलासपुर अब खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में नई पहचान बना रहा है। वहीं पंकज तिवारी ने प्रशिक्षित रेफरी को खेल प्रतियोगिताओं की निष्पक्षता का आधार बताया।
कार्यक्रम के अंत में राज्य संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि इस आयोजन से प्रदेश में ताइक्वांडो के तकनीकी विकास को नई दिशा मिलेगी।
