नगर पालिक निगम बिलासपुर की सामान्य सभा में वार्ड क्रमांक 42 देवरीखुर्द की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। पार्षद लक्ष्मी यादव ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं को विस्तार से रखते हुए प्रशासन से ठोस कार्ययोजना एवं समयसीमा की मांग की। पानी टंकी में पेयजल भराव हेतु अतिरिक्त पाइप लाइन की मांग सभा में सर्वप्रथम देवरीखुर्द की पानी टंकी में पर्याप्त पेयजल भराव नहीं होने का गंभीर मुद्दा उठाया गया। पार्षद ने बताया कि वर्तमान पाइप लाइन से पर्याप्त पानी आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे वार्डवासियों को नियमित जल संकट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि बूटापारा से अतिरिक्त पाइप लाइन लाकर पानी टंकी से जोड़ी जाए, ताकि क्षेत्र में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इस कार्य को प्राथमिकता में लेते हुए शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन की मांग की गई।

सीवरेज व्यवस्था पर सवाल
पार्षद लक्ष्मी यादव ने बताया कि देवरीखुर्द के कई स्थानों पर सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त एवं जर्जर अवस्था में है, जिससे गंदा पानी खुले में बह रहा है। इसके कारण सड़कों पर जलभराव, दुर्गंध एवं गंदगी फैल रही है, जो नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
उन्होंने सीवरेज लाइनों की मरम्मत अथवा नई लाइन बिछाने की स्पष्ट योजना और समयसीमा की जानकारी मांगी।

स्ट्रीट लाइट की समस्या
देवरीखुर्द के विभिन्न मोहल्लों एवं संपर्क मार्गों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात्रि के समय अंधकार की स्थिति रहती है। इससे आवागमन में कठिनाई एवं सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। पार्षद ने नई स्ट्रीट लाइट शीघ्र स्थापित करने की मांग रखी।

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
पार्षद ने 30–40 वर्षों से निवासरत ऐसे गरीब परिवारों का मुद्दा भी उठाया, जिनके पास किसी प्रकार का भूमि पट्टा नहीं है। उन्होंने पूछा कि ऐसे पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान करने हेतु क्या कार्यवाही प्रस्तावित है तथा कब तक उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा।

मुख्य मार्ग को “गौरव पथ” बनाने की मांग
पुलिस चौकी से गदा चौक होते हुए एफसीआई गोदाम तक जाने वाला देवरीखुर्द का मुख्य मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में है। सड़क की खराब हालत से वार्डवासियों एवं आम नागरिकों को भारी असुविधा हो रही है। पार्षद लक्ष्मी यादव ने इस मार्ग का उन्नयन कर इसे “गौरव पथ” के रूप में विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

महापौर का आश्वासन
उक्त सभी प्रश्नों के जवाब में महापौर पूजा विधानी ने सभा में स्पष्ट किया कि वार्ड क्रमांक 42 देवरीखुर्द की समस्याओं का निराकरण अति शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

सभा में यह भरोसा दिलाया गया कि देवरीखुर्द क्षेत्र में पेयजल, सीवरेज, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु शीघ्र प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *