
शिष्यवृत्ति एवं अनुरक्षण मद में वृद्धि की मांग को लेकर छात्रावास अधीक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर , दिनांक 10 जून 2026।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ, जिला इकाई बिलासपुर द्वारा आज मुख्यमंत्री महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं छात्रावास संचालन से जुड़ी गंभीर समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के भोजन, पोषण एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराई जा रही शिष्यवृत्ति राशि अत्यंत अपर्याप्त हो चुकी है। वर्ष 2022 के पश्चात विद्यार्थियों की शिष्यवृत्ति राशि में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जबकि खाद्य सामग्री, सब्जी, दूध, फल, रसोई गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसी स्थिति में निर्धारित राशि के भीतर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना कठिन होता जा रहा है, जिससे उनके पोषण स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि छात्रावासों के रखरखाव, मरम्मत, स्वच्छता, विद्युत सामग्री, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले अनुरक्षण मद की राशि अधिकांश छात्रावासों को नियमित रूप से प्राप्त नहीं हो रही है। अनुरक्षण मद के अभाव में अधीक्षकों को सीमित संसाधनों के बीच छात्रावास संचालन करना पड़ रहा है, जिससे आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव में गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
संघ ने शासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शिष्यवृत्ति राशि में तत्काल यथोचित वृद्धि की जाए तथा सभी छात्रावासों को अनुरक्षण मद की राशि नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जा सके।
इस अवसर पर बिलासपुर छात्रावास अधीक्षक संघ के जिला अध्यक्ष श्री विकास तिवारी, उपाध्याक्ष पामेन्द्र कुर्रे, प्रफुल्ल शर्मा, देवेंद्र पाण्डेय, आलोक शर्मा, राहुल साहू, एल महेश्वर राव, प्रकाश शर्मा, शुखदेव सोनी, व जिले के सभी अधीक्षक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ
जिला इकाई बिलासपुर

