मानवता के अग्रदूत डॉ. कमल छाबड़ा सम्मानित; कोरोना काल में बने थे जीवन रक्षक
27 जून 2026, बिलासपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बिलासपुर की मुख्य शाखा टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित ‘राजयोग भवन’ में एक अत्यंत गरिमामयी और भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह विशेष समारोह समाज के अग्रणी कर्मयोगी और संस्थान के मुख्य स्तंभ डॉ. कमल छाबड़ा भाई जी की नि:स्वार्थ, बहुआयामी और दीर्घकालिक सेवाओं को समर्पित रहा। इस अवसर पर जहां ‘सेवा एक नई पहल’ सामाजिक संगठन ने उनके कोरोना काल के ऐतहासिक सेवा कार्यों को सराहा, वहीं ब्रह्माकुमारीज़ परिवार ने उनके आंतरिक व वैश्विक सेवा प्रकल्पों के लिए उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में सामाजिक संगठन ‘सेवा एक नई पहल’ के प्रतिनिधि मंडल से संयोजक विकास घई, मनोज सिरवानी, पीयूष गोयल, महेंद्र मखीजा, सुनील आडवाणी उनके अन्य सहयोगियों ने मंच पर गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन द्वारा डॉ. कमल छाबड़ा जी को शॉल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। “सेवा एक नई पहल” की संयोजिका रेखा आहूजा जी ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के उस भयानक दौर में, जब हर तरफ डर और हाहाकार का माहौल था, तब डॉ. कमल छाबड़ा भाई ने जरूरतमंदों को नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर और भाप मशीनें उपलब्ध कराने का भगीरथ कार्य किया था। उनकी इस त्वरित और जीवंत सेवा ने अनगिनत परिवारों को नया जीवनदान दिया, जिसके लिए पूरा समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा।
इसी क्रम में, ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से स्थानीय सेवाकेंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी जी एवं वरिष्ठ भाई-बहनों ने डॉ. कमल छाबड़ा भाई जी की संस्थान और राष्ट्र के प्रति अतुलनीय सेवाओं के लिए उनका विशेष सम्मान किया। बिलासपुर में ब्रह्माकुमारीज़ की स्थापना के समय से ही कमल भाई जी का लौकिक परिवार सेवाओं का मुख्य आधार स्तंभ रहा है। बचपन से ही बड़ी दीदी और दादियों की विशेष पालना प्राप्त कमल भाई जी वर्तमान में इंदौर ज़ोन की सेवाओं के ‘कॉर्डिनेटर’ और ‘मधुबन न्यूज़’ के छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सेवाकेंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी ने कहा कि कमल भाई जी कर्तव्यनिष्ठा और हर कार्य में परफेक्शन के साक्षात् प्रतीक हैं। सेवाकेंद्र के नवनिर्माण से लेकर, तपस्या के कार्यक्रम, बड़े अभियानों, किडनी रोगियों के लिए फ्री डायलिसिस मशीन दान करने में सहयोग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दृष्टिबाधित (दिव्यांग) भाई-बहनों के लिए हिन्दी, उड़िया, अंग्रेजी भाषा में ब्रेल बुक्स की प्रिंटिंग करवाकर विदेशों में भेजने तक की उनकी हर सेवा अनुकरणीय है।
इस अवसर पर डॉ. कमल छाबड़ा भाई जी ने मंच से अपने दिल के उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि, “वास्तव में सेवा का सच्चा अर्थ वही है, जो ऐसा कार्य करने से सिद्ध हो जिससे स्वयं के और दूसरों के दिल से ‘वाह!’ निकले। जीवन में जिम्मेदारियाँ या अवसर कभी किसी के द्वारा दिए नहीं जाते, बल्कि उन्हें खुद आगे बढ़कर स्वीकार करना पड़ता है। बड़ों और दादियों के सानिध्य में रहकर हमने यही सीखा है और इसे ही हमेशा अपने जीवन में उतारने का प्रयास किया है।”
उल्लेखनीय है कि डॉ. कमल छाबड़ा भाई को उनकी इन्हीं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का स्वागत करने और राष्ट्रपति भवन में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सम्मिलित होने का गौरव प्राप्त हो चुका है। वे ‘सक्षम’ संगठन, रेड क्रॉस सोसाइटी और गुरुद्वारा दयालबंद के आजीवन सदस्य, लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल के अध्यक्ष तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए नि:शुल्क स्टील बर्तन बैंक चलाने वाले एक अद्वितीय समाजसेवी हैं।
इस पावन और हर्षोल्लास से भरी सुबह के दौरान राजयोग भवन का प्रांगण करतल ध्वनियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज के सदस्य उपस्थित रहे।समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों ने डॉ. कमल भाई जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
ईश्वरीय सेवा में,
बीके स्वाति
मुख्य शाखा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, बिलासपुर (छ.ग.)

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *