



BPL 2026 : कल होगा महामुकाबला, चैंपियन बनने की जंग में आमने-सामने होंगे मौसाजी जायंट्स और फाउंडेशन वॉरियर्स
बिलासपुर, 20 जून 2026। बिलासपुर बेसबॉल प्रीमियर लीग (BPL) 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। चार दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें 21 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मौसाजी जायंट्स और फाउंडेशन वॉरियर्स की टीमें चैंपियन बनने के लिए आमने-सामने होंगी।
शनिवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मौसाजी जायंट्स ने माँ कामाख्या चैलेंजर्स को 06-05 के रोमांचक अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मैच के अंतिम क्षण तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिला।
इस मुकाबले के मुख्य अतिथि अभय नारायण (प्रदेश प्रवक्ता, छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी), महेश दुबे “टाटा महाराज” (वरिष्ठ कांग्रेस नेता), जावेद मेमन (युवा कांग्रेस नेता) एवं भुट्टो भैया जी (संचालक, स्व. असगर अली क्रिकेट प्रतियोगिता, बिलासपुर) रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
दिन के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में फाउंडेशन वॉरियर्स और लक्ष्मी स्पोर्ट्स फाइटर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों ने शानदार फील्डिंग और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। अंतिम इनिंग में मिले अवसर का लाभ उठाते हुए फाउंडेशन वॉरियर्स ने 01-00 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
इस मुकाबले के मुख्य अतिथि सुश्री मिताली घोष (महासचिव, छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ), रंगानादम (युवा पार्षद एवं अध्यक्ष, जोन क्रमांक-05) तथा पंकज तिवारी (अध्यक्ष, जिला ओलंपिक संघ) रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल कौशल को नई दिशा प्रदान करती हैं।
आयोजन सचिव अख्तर खान ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिवस 21 जून 2026 को पहला मुकाबला माँ कामाख्या चैलेंजर्स एवं लक्ष्मी स्पोर्ट्स फाइटर्स के बीच तीसरे स्थान के लिए खेला जाएगा। इसके पश्चात BPL 2026 का ग्रैंड फाइनल खेला जाएगा, जिसमें मौसाजी जायंट्स और फाउंडेशन वॉरियर्स की टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सभी टीम मालिकों, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा है। फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कल मेगा फाइनल में मौसाजी जॉइंट्स व फाउंडेशन वारियर्स के मध्य मैच खेला जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा के विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी मौजूद रहेंगे साथ में विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रिंस भाटिया डॉ पलक जायसवाल निखिल खंडेलवाल सुश्री मिताली घोष डॉ गोपालकृष्ण पाठक मौजूद रहेंगे।
🏆 कल होगा महामुकाबला… ⚾ ग्रैंड फाइनल : मौसाजी जायंट्स 🆚 फाउंडेशन वॉरियर्स 🔥 कौन बनेगा BPL 2026 का पहला चैंपियन?
“खिलाड़ियों का मंच, प्रतिभाओं की पहचान और चैंपियन बनने की उड़ान” 🏆




