रक्षाबंधन पर जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने की पहल, लायंस क्लब बिलासपुर संगम ने शुरू किया वस्त्र दान अभियान

बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियाँ बाँटने के उद्देश्य से लायंस क्लब बिलासपुर संगम ने विशेष “वस्त्र दान अभियान” शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने घरों में बच्चों के ऐसे पार्टीवियर, फ्रॉक, ड्रेस, शर्ट, पैंट एवं अन्य अच्छे और उपयोग योग्य कपड़े, जो अब छोटे हो गए हैं अथवा उपयोग में नहीं आ रहे हैं, उन्हें साफ व प्रेस कर दान करें।

क्लब के प्रोजेक्ट हेड लायन विष्णु सिंह ने बताया कि अभियान के तहत एकत्रित किए गए कपड़ों को रक्षाबंधन से पूर्व दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों , अनाथालय के जरूरतमंद बच्चों तक पहुँचाया जाएगा, ताकि वे भी नए और अच्छे कपड़े पहनकर इस पावन पर्व की खुशियों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्ग तक खुशियाँ पहुँचाने का भी अवसर है।

उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के साफ-सुथरे, अच्छी स्थिति वाले और उपयोग योग्य कपड़े दान कर इस सेवा अभियान में सहभागी बनें। आपका एक छोटा-सा सहयोग किसी बच्चे के लिए रक्षाबंधन का सबसे अनमोल उपहार बन सकता है।

लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर वस्त्र संग्रह केंद्र (कलेक्शन काउंटर) बनाए गए हैं, जहाँ नागरिक अपने दान स्वरूप कपड़े जमा कर सकते हैं। ये केंद्र निम्नलिखित हैं—

  • श्री गुरुनानक वस्त्रालय, मुंगेली नाका
  • विजय स्टोर्स, सदर बाजार
  • राजेश बुक डिपो, गोल बाजार
  • अजमानी टेंट हाउस, दयालबंद
  • ट्रिनिटी कंप्यूटर, कुबेर प्लाजा, अग्रसेन चौक, बिलासपुर

लायंस क्लब बिलासपुर संगम ने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों एवं युवाओं से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। क्लब का विश्वास है कि समाज के सामूहिक सहयोग से इस रक्षाबंधन अनेक जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है और उन्हें भी त्योहार की खुशियाँ महसूस कराई जा सकती हैं।

आइए, इस रक्षाबंधन एक संकल्प लें— “कोई भी बच्चा त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।”

“खुशियाँ बाँटें, मुस्कान सजाएँ” — यही इस सेवा अभियान का संदेश है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *