
संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के राष्ट्रीय अभियान का प्रेस रिपोर्टर क्लब ने किया स्वागत
“महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक हैं” — श्याम गुप्ता
रायगढ़। संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, मानवता और सर्वसमाज को एक सूत्र में जोड़ने वाले संदेशों को देशभर में जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान का प्रेस रिपोर्टर क्लब ने स्वागत किया है। क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने इस पहल को सर्वसमाज को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।
प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता ने कहा कि सनातन धर्म, पंथ और भारतीय संस्कृति में समय-समय पर अनेक महान साधु-संत और महापुरुष अवतरित हुए हैं। उन्हें किसी एक जाति, समाज या समुदाय की सीमा में बांधना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष मानवता के कल्याण और सामाजिक बुराइयों को दूर करने का संदेश लेकर आए तथा मनुष्य को मनुष्य से जोड़ने का मार्ग दिखाया।
श्याम गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी के बताए हुए सच्चे मार्ग पर चलकर समाज में समरसता, भाईचारा और एकता को मजबूत किया जा सकता है। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और संदेशों को केवल किसी एक वर्ग तक सीमित न रखकर गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके आदर्शों से परिचित हो सकें।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में संत रविदास जी के जन्मस्थान से आए पवित्र कलश का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में साइंस कॉलेज इंडोर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सभी जिलों के लिए कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था तथा विभिन्न जिलों को कलश सौंपे गए थे। इस अवसर पर श्याम गुप्ता भी उपस्थित रहे। रायगढ़ जिले में कलश यात्रा को डॉ. यशवंत सिंघे, हिमांशु चौहान, रमेश चौहान सहित अन्य साथियों के सहयोग से लाया गया।
श्याम गुप्ता ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसी शक्तियां भी रही हैं, जिन्होंने समाज को बांटने का प्रयास किया। आज भी समाज में विभाजन पैदा करने वाली विचारधाराओं के बीच संत रविदास जैसे महापुरुषों के संदेश और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और एकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि देश के शहरों और गांवों तक संत रविदास जी के विचारों को पहुंचाने का यह राष्ट्रीय प्रयास आने वाली पीढ़ी को भारतीय संत परंपरा और सामाजिक समरसता की वास्तविक शक्ति से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान साबित हो सकता है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब ने स्पष्ट किया कि जनहित, सामाजिक समरसता और मानवता को जोड़ने वाले ऐसे पवित्र अभियानों में क्लब भारत सरकार एवं राज्य सरकार के साथ खड़ा है तथा समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक चेतना के प्रसार के लिए निरंतर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।


