बिलासपुर। जिले के लोकप्रिय, सक्रिय एवं ऊर्जावान कांग्रेस नेता श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास, राष्ट्रीय समन्वयक – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (पि. व. विभाग), प्रभारी – उत्तर प्रदेश एवं गुजरात, सचिव – प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़, ने जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (ग्रामीण) अध्यक्ष पद हेतु दावेदारी प्रस्तुत की है। आज जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं विधानसभा क्षेत्रों से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता उनके निवास पहुंचे और पर्यवेक्षक के समक्ष श्री श्रीवास की मजबूत दावेदारी का समर्थन किया। इसके पश्चात श्री त्रिलोक श्रीवास ने औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।

श्री श्रीवास पिछले 30 वर्षों से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय हैं और जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन को मजबूती प्रदान की है। वे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच चुनावों में कांग्रेस के मजबूत दावेदार रहे हैं तथा हाल ही में संपन्न महापौर चुनाव में भी उनका नाम प्रमुखता से चर्चा में रहा। पूर्व में वे जिला किसान कांग्रेस, नगरी निकाय कांग्रेस, राजीव गांधी पंचायत संगठन, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, ईंटक तथा युवा कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वर्तमान में वे सर्वसेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।

श्री श्रीवास की दावेदारी से जिले भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि उन्हें जिला अध्यक्ष बनाया जाता है, तो संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्र के आम कार्यकर्ताओं को सशक्त प्रतिनिधित्व प्राप्त होगा।
