बिलासपुर..खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विधानसभा में जोरदार आवाज उठाई जाएगी और खेल बजट बढ़ाने की मांग की जाएगी। ताकि बजट के अभाव में खिलाड़ियों का भविष्य अधूरा न रह जाए और वे अपने खेल कौशल से प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकें।
यह बातें तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने शनिवार को बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम, स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित 6वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय स्वर्ण कप आमंत्रण ताइक्वांडो प्रतियोगिता के भव्य उद्घाटन अवसर पर कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों के खेल कार्यक्रमों में शामिल होने की तीव्र इच्छा ही उन्हें यहां खींच लाई है। हार से निराश और जीत से अति उत्साहित नहीं होना चाहिए, क्योंकि खेल में हमेशा नई चुनौतियां सामने रहती हैं। खिलाड़ियों को अपनी तैयारी और अनुशासन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन खेल बजट अपेक्षाकृत कम है, जिसे बढ़ाने का विषय आगामी विधानसभा सत्र में रखा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों का खेल करियर बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शहर में खेल से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। करोड़ों रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिससे भविष्य में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं की सौगात मिलेगी और अधिक संख्या में बच्चे खेल के क्षेत्र में आगे आएंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
विशिष्ट अतिथि सेंट जेवियर कॉलेज के प्राचार्य जितेंद्र सिंह हुंडल ने कहा कि भावी खिलाड़ियों से रूबरू होना गर्व की बात है। जीत-हार से अधिक जरूरी खेलना है, क्योंकि जो खेलता है वही सच्चा विजेता होता है।
टूर्नामेंट डायरेक्टर, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी संतोष रंगम ने बताया कि यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप है, जिससे खिलाड़ियों को अलग अनुभव मिलेगा और उनके खेल करियर को लाभ होगा।

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने कहा कि ताइक्वांडो आत्मरक्षा की प्रभावी कला है, जिससे बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने बताया कि यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 30 जनवरी से प्रारंभ हुई है।
छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ, बिलासपुर के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने बताया कि इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से 545 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में पांच आयु वर्ग और 88 भार वर्गों में मुकाबले होंगे, जिनमें बालक-बालिका, प्री-सब जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के महिला-पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, निर्णायक दल तथा दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार मुकाबले कराए जा रहे हैं। शनिवार को पदक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सलाम रिजवी, कोच सुशील निष्रा, प्रदेश मलखंब संघ अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला, छत्तीसगढ़ व्यायाम शिक्षा संघ अध्यक्ष रितेश सिंह, जिम्नास्टिक कोच डॉ. मिलिंद भानदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नागेंद्र सिंह ने किया।
