बिलासपुर। स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी लॉन्चिंग का आयोजन शहर के यश पैलेस में किया गया। कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में युवाओं के बीच खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं और खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में खेल अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल प्रशिक्षण केंद्र तैयार किया गया है, जहां 28 प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण की सुविधा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन होना चाहिए।
अमर अग्रवाल ने जानकारी दी कि मंगला क्षेत्र में करीब 12 एकड़ भूमि पर आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। इस स्टेडियम के निर्माण से भविष्य में आईपीएल और टेस्ट मैच जैसे बड़े मुकाबलों के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी। कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी और शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
