रिपोर्ट – राकेश मिश्रा – बिलासपुर – छत्तीसगढ़ – कर्मचारी – अधिकारी फेडरेशन ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 18 मार्च को प्रदेशभर में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। फेडरेशन के आह्वान पर सभी विभागों के कर्मचारी उस दिन भोजन अवकाश के दौरान जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी एकजुट होकर 18 मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना का निर्धारण, मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था पर पुनर्विचार, विभिन्न भत्तों में संशोधन तथा सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों का समाधान शामिल है। फेडरेशन का कहना है कि इन मांगों के संबंध में कई बार सरकार का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए फेडरेशन द्वारा सभी विभागों में सूचना भेज दी गई है और कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। पदाधिकारियों के अनुसार यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। फेडरेशन ने उम्मीद जताई है कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
