बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय राजनीति को मजबूत करने की दिशा में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व एल्डरमेन राजेन्द्र भंडारी को नगरीय निकाय प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बिलासपुर की स्थानीय राजनीति में भंडारी के बढ़ते प्रभाव और पार्टी नेतृत्व के भरोसे के रूप में भी देखा जा रहा है। राजेन्द्र भंडारी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नगर निगम से जुड़े विभिन्न विषयों, विकास योजनाओं और नगरीय प्रशासन की गहरी समझ रखने वाले नेताओं में उनकी पहचान रही है। पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के बाद उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि भाजपा आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर अनुभवी नेताओं पर भरोसा जता रही है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि राजेन्द्र भंडारी पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। ऐसे में उनकी यह नियुक्ति संगठन में अमर अग्रवाल की मजबूत पकड़ और उनके समर्थक नेताओं को मिल रहे महत्व के रूप में भी देखी जा रही है। माना जा रहा है कि इससे बिलासपुर भाजपा की अंदरूनी संगठनात्मक गतिविधियों में भी नया संदेश गया है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि भंडारी का जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और वार्ड स्तर पर मजबूत संपर्क उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है।

यही कारण है कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी देकर स्थानीय निकाय राजनीति में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर दिया है। इधर, शहर की राजनीतिक चर्चाओं में यह संभावना भी जताई जा रही है कि आगामी नगर निगम चुनाव में राजेन्द्र भंडारी कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। प्रदेश कार्यसमिति की जिम्मेदारी मिलने से उनकी राजनीतिक स्थिति और मजबूत होगी तथा चुनावी मैदान में उन्हें संगठनात्मक समर्थन का भी लाभ मिल सकता है। भाजपा की इस नियुक्ति को नगरीय निकाय चुनावों की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। संगठन ऐसे नेताओं को आगे लाने की कोशिश कर रहा है, जिनकी प्रशासनिक समझ के साथ-साथ जनता के बीच मजबूत पकड़ हो। राजेन्द्र भंडारी की नियुक्ति इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *