बिलासपुर। अखिल भारतीय पंचायत परिषद के संगठन विस्तार अभियान के तहत बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग में नए नेतृत्व की घोषणा की गई है। परिषद ने बिलासपुर की वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर निगम चुनाव की पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती रेवती यादव को बिलासपुर संभाग अध्यक्ष तथा कर्मचारी संगठन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े श्री महेंद्र अग्रवाल को सरगुजा संभाग अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नव नियुक्त अध्यक्षों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। परिषद का उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाते हुए ग्राम स्वराज की अवधारणा को गांव-गांव तक पहुंचाना है। संगठन द्वारा “हमर गांव, हमर राज – जय पंचायती राज” के नारे के साथ ग्रामीण विकास, जनभागीदारी एवं पंचायतों के अधिकारों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि गांवों के विकास से ही देश का समग्र विकास संभव है। पंचायतों से जुड़े 29 विषयों पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को जागरूक कर स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों अध्यक्ष अपने-अपने संभाग में संगठन के विस्तार एवं पंचायत सशक्तिकरण के अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *