जम्मू-कश्मीर में मारे गए छत्तीसगढ़ के मजदूरों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव अल्प प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में बिजली की दरों में पांच बार बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है, जिसे कांग्रेस लगातार जनता का शोषण बता रही है।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के मजदूरों की हत्या पर उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक मजदूरों के शवों को शीघ्र उनके गृह प्रदेश लाने की व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता आलाकमान के निर्देशों के अनुसार पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है और आगे भी जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।