लोरमी में शासकीय राशन दुकान विक्रेता संघ कल्याण द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री Arun Sao मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों राशन दुकानदारों और विक्रेताओं ने अपनी एकजुटता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान सम्मेलन स्थल पर विक्रेताओं का एक ही नारा गूंजता रहा— “अब नहीं सईबो, कमीशन वृद्धि बढ़ा के रईबो!” इस नारे के माध्यम से विक्रेताओं ने अपनी प्रमुख मांगों को मुखर रूप से सामने रखा। सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को भी प्रमुखता से रखा, जिसमें कमीशन वृद्धि सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग शामिल थी।

उपमुख्यमंत्री Arun Sao ने विक्रेताओं की मांगों को गंभीरता से लेते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने शासकीय भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की, जिससे सम्मेलन में मौजूद सभी विक्रेताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राशन विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा, “मुझे जहां तक जाना पड़ेगा, मैं जाऊंगा। आपके हक की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी ताकत से खड़ा हूं। आपकी समस्याओं का जल्द निराकरण कर, आपकी छह सूत्रीय मांगों को पूरा किया जाएगा।”

उपमुख्यमंत्री के इस आश्वासन से सम्मेलन में उपस्थित हजारों विक्रेताओं में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ। यह सम्मेलन न केवल मांगों को उठाने का मंच बना, बल्कि संगठन की एकता, संघर्ष और अधिकारों के प्रति जागरूकता का भी मजबूत संदेश देकर समाप्त हुआ।
