अशोकनगर चौक से बिरकोना वार्ड क्रमांक 64 महामाया नगर तक जाने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन वर्षों से खराब पड़ी सड़क,जगह-जगह गड्ढे और अंधेरे की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। इस मार्ग पर प्रतिदिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे आमजन में भय और नाराजगी का माहौल है।

पत्रकार कॉलोनी और केंद्रीय विश्वविद्यालय जाने का मार्ग

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थिति की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि इसी मार्ग पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पंडित सुंदरलाल विश्वविद्यालय, पत्रकार कॉलोनी सहित 10 से अधिक आवासीय कॉलोनियां स्थित हैं। इसके बावजूद सड़क और बुनियादी सुविधाओं की लगातार अनदेखी पर लोगों में भारी रोष है। साथ ही स्थानीय रामप्रसाद साहू का कहना है कि इस मार्ग पर रोज छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं जिला प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार तो नहीं कर रहा।

जो निर्माण कार्य हुआ उसमें भी भ्रष्टाचार

इस बीच हाल ही में किए गए नाली निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण कार्य पूरी तरह गुणवत्ता विहीन है और कुछ ही दिनों में इसमें दरारें और खराबी दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से निर्माण कार्य में लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार को दर्शाता है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विरोध में आंदोलन की तैयारी

कांग्रेस ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अंकित गौरहा ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई,तो कांग्रेस बड़े स्तर पर जन आंदोलन करेगी। इसमें धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव शामिल होगा।

बच्चों,बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरा

स्थानीय निवासी प्रकाश कश्यप का कहना है कि खराब सड़क,उड़ती धूल और अंधेरे के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरे से भरा हुआ है। लोगों ने कई बार शिकायत की,लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

शिकायत पर जांच की जाएगी

महापौर पूजा विधानी ने बताया है कि सड़क और नाली निर्माण का कार्य जारी है तथा गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा।शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और आवश्यक सुधार भी किए जाएंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed