




एशियन कराटे चैंपियनशिप में भारत का स्वर्णिम इतिहास, अलीशा चौधरी ने जीता गोल्ड; हांशी भारत शर्मा के नेतृत्व को मिली बड़ी सफलता
इंडोनेशिया में गूंजा भारत का परचम, अलीशा चौधरी के गोल्ड से एशियाई मंच पर चमका भारतीय कराटे
रायगढ़। विश्व कराटे महासंघ (WKF) एवं एशियन कराटे फेडरेशन (AKF) के तत्वावधान में इंडोनेशिया के बाली में आयोजित 22वीं एशियन सीनियर कराटे चैंपियनशिप में भारत की बेटी अलीशा चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। हरियाणा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अलीशा चौधरी एशियन सीनियर कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
भारतीय कराटे महासंघ (KIO) एवं साउथ एशियन कराटे फेडरेशन के अध्यक्ष हांशी भारत शर्मा के कुशल नेतृत्व में भारतीय कराटे लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह सिद्ध कर रहा है कि उचित प्रशिक्षण, संसाधन और सरकारी सहयोग मिलने पर भारत कराटे खेल में विश्व शक्ति बन सकता है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव रेंशी श्याम कुमार गुप्ता ने इस ऐतिहासिक सफलता पर हांशी भारत शर्मा सहित पूरी भारतीय टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अलीशा चौधरी का स्वर्ण पदक देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
रेंशी श्याम कुमार गुप्ता ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार रायगढ़ में उनके नेतृत्व में एक ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में भारत के साथ-साथ बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, भूटान, सिंगापुर और जापान के विश्व कराटे महासंघ (WKF) एवं एशियन गोजू रियू कराटे फेडरेशन के शीर्ष पदाधिकारी, ग्रैंड मास्टर्स, जापान के मास्टर कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि हांशी भारत शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन में रायगढ़ ने अंतरराष्ट्रीय कराटे जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का विषय रहा। आज भारतीय खिलाड़ियों की एशियाई स्तर पर मिल रही सफलताओं को देखकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि आने वाले समय में भारत कराटे के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।





