

‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर भव्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर।
देश को एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम के सूत्र में बांधने वाले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा एक भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व को स्मरण कराने के साथ-साथ जनमानस में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
इस गरिमामय आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से संबद्ध डी.पी. विप्र महाविद्यालय, बिलासपुर की उल्लेखनीय एवं सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कार्यक्रम अधिकारी तथा एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम का आयोजन डी.पी. विप्र महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजू शुक्ला,डॉ. एम.एस. तम्बोली, डॉ. मनीष तिवारी, श्री अविनाश सेठी के मार्गदर्शन में किया गया । सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक दायित्वों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज सिन्हा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण दुबे, प्रो. यूपेश कुमार, प्रो. आकांक्षा गौतम प्रो. हेल्सियन एवं प्रो. विभांशु की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को प्रेरक संदेश प्रदान किए।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए आशीर्वाद पैनल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के समस्त स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। एनएसएस स्वयंसेवकों के अनुशासन, सेवा-भाव एवं राष्ट्रप्रेम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डी.पी. विप्र महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक स्वमिल, विपिन, कुणाल, नंदिनी शर्मा, भूपेन्द्र, आस्था शर्मा, डीकेश, बासु, सहित अन्य स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए अनुकरणीय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों की सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है।
कार्यक्रम स्थल को तिरंगे की गरिमा, देशभक्ति के प्रतीकों तथा सशस्त्र बलों के शौर्य एवं बलिदान को दर्शाने वाली झांकियों से सुसज्जित किया गया। मंच से देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु सामूहिक संकल्प लिया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक स्मरणीय आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह समाज एवं युवाओं के लिए राष्ट्रप्रेम, सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त संदेश भी बनकर उभरा। राष्ट्रीय सेवा योजना, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय एवं डी.पी. विप्रा महाविद्यालय, बिलासपुर की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की और यह संदेश दिया कि शिक्षण संस्थान एवं युवा मिलकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


