रिपोर्ट….राकेश मिश्रा…9827171483

बिलासपुर। सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित कुमार के लापता होने के मामले में परिजनों द्वारा एसएसपी कार्यालय में हंगामा किए जाने के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। हालांकि पुलिस की सफाई के बावजूद मामले में कई गंभीर सवाल अभी भी खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को कोटा थाना में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया। रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी गया (बिहार), 6 मार्च की शाम करीब 4 बजे से विश्वविद्यालय के छात्रावास से लापता है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुमशुदग दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है।

जांच के दौरान पुलिस को छात्रावास के कमरे से बिना सिम का मोबाइल, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स और एक नोटबुक मिली है। नोटबुक में करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये का हिसाब-किताब दर्ज होने की बात कही गई है। इसके अलावा पुलिस का कहना है कि छात्र के मोबाइल से उसकी मां को कहीं स्वेच्छा से जाने का मैसेज भेजा गया था, जो डिलीवर नहीं हो सका। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि प्रारंभिक जांच में रोहित कुमार के ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के लेन-देन में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। बैंक खातों की जांच में करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन भी पाए गए हैं, जिनमें विभिन्न लोगों और ऐप्स के माध्यम से लेन-देन हुआ है।
पुलिस का कहना है कि छात्रावास के छात्रों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ की गई है। साथ ही यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक तलाश की गई और यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जब छात्र 6 मार्च से लापता था तो पुलिस की विस्तृत कार्रवाई और प्रेस नोट उस समय क्यों सामने नहीं आया। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती दिनों में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते उन्हें एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है और परिजनों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि रोहित कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल कोटा थाना को सूचित करें। फिलहाल छात्र अब तक लापता है और मामले की जांच जारी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *