बिलासपुर। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति किसी तरह जारी है, लेकिन कमर्शियल गैस की कमी का असर होटल और ढाबा व्यवसाय पर साफ दिखाई देने लगा है। कई छोटे होटल और ढाबे गैस नहीं मिलने के कारण अस्थायी रूप से बंद भी हो गए हैं।

इसी मुद्दे को लेकर रविवार को सरकंडा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62 शास्त्री नगर स्थित कपिल नगर में युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताई।
कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध करते हुए गैस पाइप को नाली में डालकर गैस जलाने का प्रयास किया और उसी पर चाय बनाने की कोशिश की। इस दौरान चायपत्ती, दूध और पतीली रखकर प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाने का प्रयास किया गया, हालांकि इसमें वे सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले नाली से गैस बनने से जुड़ा एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी बयान को लेकर कार्यकर्ताओं ने यह अनोखा प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस की किल्लत के बावजूद सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि गैस की नियमित आपूर्ति और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *