
00 विधायक देवेंद्र यादव का भाजपा सरकार पर निशाना, महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता
00 जब सम्मानित महिला सुरक्षित नहीं, आम जनता का क्या होगा
बिलासपुर। प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने पद्मश्री सम्मानित फूलबासन बाई के कथित अपहरण प्रयास को लेकर सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पद्मश्री से सम्मानित महिला के साथ ऐसी घटना सामने आई है, उससे साफ है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल नजर आ रही है। कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब एक सम्मानित और चर्चित महिला ही सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल दावों तक सीमित है, जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। देवेंद्र यादव ने मांग की कि फूलबासन बाई को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, क्योंकि उनकी जान को खतरा है। साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते नहीं चेती, तो प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है।
